विश्व सनातन महापीठ 500 नहीं अब 1000 करोड़ की लागत से बनेगा
तीर्थ सेवा न्यास, हरिद्वार के तत्वावधान में बनने वाला महाप्रकल्प विश्व सनातन महापीठ इस युग का सबसे विशाल, पवित्र और युगप्रेरक धार्मिक-सांस्कृतिक महाप्रकल्प बनेगा। यह केवल एक स्थापत्य नहीं, बल्कि धर्म, शिक्षा और मानवता के पुनर्जागरण का केंद्र है, जहाँ से विश्व को एक बार पुनः वैदिक ज्ञान, संस्कृति और एकात्मता का संदेश मिलेगा।
इस बात की जानकारी अखिल भारतीय वैष्णव अखाडा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री एवं तीर्थ सेवा न्यास के संरक्षक परमाध्यक्ष बाबा हठयोगी, तीर्थं न्यास के अध्यक्ष तीर्थाचार्य राम विशाल दास और महामंत्री मंहत ओमदास ने संयुक्त रूप से प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि आगामी 21 नवम्बर 2025 को हरिद्वार की पावन भूमि पर विश्व सनातन महापीठ का उद्घोषणा एवं शिला पूजन समारोह भव्य दिव्यता के साथ संपन्न होगा। यह आयोजन केवल एक प्रारंभिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युग परिवर्तन की आध्यात्मिक घोषणा होगी, जहाँ से भारत का सनातन स्वरूप पुनः विश्व नेतृत्व की दिशा में अग्रसर होगा। इस महाप्रकल्प की प्रारंभिक अनुमानित लागत करीब 500 करोड़ आंकी गई थी, लेकिन बढ़ती परिकल्पना, दिव्य भव्यता और व्यापक संरचना को ध्यान में रखते हुए अब इसे 1000 करोड़ का वैदिक-सांस्कृतिक महाप्रकल्प घोषित किया गया है। यह वृद्धि इस बात का प्रतीक है कि महापीठ अब केवल भारत का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता का केंद्र बनने जा रहा है।
संतों ने कहा कि महापीठ में विश्व का सबसे अद्वितीय गुरुकुल स्थापित किया जाएगा, जहाँ 10,000 से अधिक विद्यार्थी आवासीय रूप से वेद, उपनिषद, विज्ञान, योग, संस्कार, शास्त्र एवं शस्त्र की एकात्म शिक्षा प्राप्त करेंगे। यह गुरुकुल ज्ञान और चरित्र निर्माण का विश्वस्तरीय केंद्र होगा, जहाँ शिक्षा का आधार केवल रोजगार नहीं, बल्कि धर्म, कर्तव्य और मानवता की भावना होगी। यहाँ से पूरे विश्व में सनातन धर्म की पुनर्स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने बताया कि इस विश्व सनातन महापीठ की प्रमुख विशेषताएँ विश्व का प्रथम सनातन संसद भवन, जहाँ धर्म, नीति और संस्कृति पर वैश्विक विमर्श होंगे। वेद मंदिर एवं वेदाध्ययन केंद्र, जहाँ वैदिक ज्ञान का पुनर्जागरण होगा। साथ ही चार शंकराचार्य पीठों एवं तेरह अखाड़ों के प्रेरणा परिसर होगा। सिख, जैन, बौद्ध, आर्य समाज, रविदासी आदि परंपराओं के एकता प्रांगण, जहाँ सभी महापुरुषों की प्रतिमाएँ स्थापित की जाएँगी। परिक्रमा पथ, 108 तीर्थ स्वरूप जो भारत के तीर्थ भाव का जीवंत प्रतीक बनेगा। गौसंवर्धन केंद्र-जहाँ वेदसम्मत गोपालन का आदर्श प्रस्तुत होगा। 108 यज्ञशालाएँ, 108 संत कुटियाएँ और 1008 भक्त आवास परिसर के साथ साथ सनातन टाइम म्यूज़ियम, जो वैदिक काल से वर्तमान तक की भारत की सांस्कृतिक यात्रा को सजीव रूप में प्रदर्शित करेगा।
उन्होने बताया कि शस्त्र एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र, जहाँ प्रतिवर्ष एक लाख धर्मयोद्धाओं का प्रशिक्षण होगा। 1000 क्षमता का ध्यान केंद्र और अन्नपूर्णा भोजनालय-जहाँ शांति, सेवा और संतुलन का संगम होगा। विश्व सनातन महापीठ केवल पत्थर और संरचना का प्रकल्प नहीं, यह भारत की आत्मा का पुनरुत्थान है। यहाँ से धर्म, सत्य और करुणा की ज्योति विश्व को आलोकित करेगी। यह भारत के वैदिक तेज का पुनर्जन्म है।
संतों ने बताया कि महापीठ वह केंद्र बनेगा जहाँ से एक विश्व एक धर्म एक ध्वज, एक ग्रंथ, एक विधान का आदर्श सपना साकार होगा। यह केवल भारत की नहीं, सम्पूर्ण मानवता एवं विश्व की आवश्यकता है। यहाँ शिक्षा, सेवा और साधना का संगम होगा, जो आने वाले युगों का मार्ग प्रशस्त करेगा। विश्व सनातन महापीठ भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का केंद्रबिंदु होगा। यह न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि वैज्ञानिक और सामाजिक दृष्टि से भी मानवता के उत्थान का अद्वितीय केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि यह प्रकल्प सनातन एकता का प्रतीक है। भारत के सभी मत, पंथ, संप्रदाय और परंपराएँ यहाँ एक सूत्र में बंधकर विश्व के लिए आदर्श प्रस्तुत करेंगी। विश्व सनातन महापीठ भारत के आत्मस्वरूप की मूर्त परिकल्पना है। प्रत्येक सनातन प्रेमी, साधक और नागरिक इस निर्माण यात्रा का भाग बने, यही युगधर्म की सच्ची सेवा है। पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ गौतम खट्टर, शिशिर चौधरी मौजूद रहे।













Leave a Reply